DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रास्ता पूछने के बहाने रोका, गले में चाकू टिकाकर की लूट: बालोद पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रानीमाई–हर्राठेमा जंगल घाटी में वारदात को दिया था अंजाम, चाकू, बाइक और मोबाइल जब्त

बालोद। बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीमाई–हर्राठेमा जंगल घाटी में रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी धर्मेंद्र कुमार उइके (30 वर्ष), निवासी ग्राम गोडपाल, जिला बालोद ने 19 जून 2026 को थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

रिपोर्ट के अनुसार 18 जून 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 V 8995 से बीज खरीदने बालोद आए थे। उनके पास कुल 4 हजार रुपये थे। तबीयत ठीक नहीं लगने के कारण वे वापस गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:35 बजे रानीमाई–हर्राठेमा जंगल घाटी में तीन युवकों ने उन्हें रोककर बालोद जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान एक आरोपी ने उनके गले में चाकू अड़ा दिया, दूसरे ने मारपीट की और तीसरे ने जेब में रखे रुपये निकालकर लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले में थाना बालोद में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर डंप के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 W 1779, एक चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से 700 रुपये बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में लिपेन्द्र साहू पिता नेमसिंह साहू (20 वर्ष), जतिन पटेल पिता मुकेश पटेल (18 वर्ष 02 माह) एवं गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव पिता डोमन यादव (18 वर्ष 06 माह) शामिल हैं। तीनों आरोपी वार्ड क्रमांक 11 चिखलाकसा, थाना राजहरा, जिला बालोद के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम में सउनि देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक दुर्योधन यादव, आरक्षक वेदप्रकाश भुआर्य, आरक्षक मनोज चंद्रा, आरक्षक जितेन्द्र सिन्हा, आरक्षक भुवन ध्रुव, आरक्षक खिमन अमरिया शामिल रहे। वहीं सायबर सेल की ओर से सायबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, आरक्षक भोपसिंह साहू, आरक्षक राहुल मनहरे एवं आरक्षक संदीप यादव ने आरोपियों तक पहुंचने और गिरफ्तारी की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के लिए तकनीकी जांच और सतत निगरानी जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page