बालोद/दुर्ग। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संवर्धन को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 174वें सप्ताह भी व्यापक पौधारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान संचालित किया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर टीम ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के तहत शिवनाथ नदी घाट एवं मुक्ति धाम गार्डन दुर्ग में सफाई अभियान चलाया गया। टीम ने घाट एवं परिसर से जमा कचरा, प्लास्टिक, झिल्ली, कागज, खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक चम्मच, पानी पाउच, प्लास्टिक बोतल, गुटखा पाउच, जूठे दोना-पत्तल, शराब की बोतल एवं पूजा सामग्री को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। साथ ही गाजर घास को जड़ से हटाकर पूर्व में लगाए गए पौधों की देखभाल भी की गई।
इसके अलावा परी गार्डन हुडको भिलाई नगर, दशहरा मैदान रिसाली, शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम भिलाई एवं ग्राम अंजोरा दुर्ग में भी स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया।
नदी और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील
समिति के सदस्यों ने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों से वे लगातार लोगों को नदी, तालाब और सार्वजनिक स्थलों में कचरा न फैलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं और कई श्रद्धालु स्वयं घाटों से कचरा निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखने लगे हैं।
हालांकि समिति ने यह भी चिंता जताई कि कुछ स्थानों पर एकत्रित कचरे का समय पर उठाव नहीं होने से वह दोबारा नदी में पहुंच रहा है। इस संबंध में स्थानीय निकाय से नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने की अपील की गई।
नारों और जनसंदेशों के माध्यम से किया जागरूक
अभियान के दौरान टीम ने लोगों को विभिन्न संदेशों के माध्यम से जागरूक किया—
“जल है तो बल है”
“जल ही जीवन धारा है, जिसने हमें संवारा है”
“जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”
“पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ”
“नशे का होना आदी, घर परिवार की है बर्बादी”
समिति ने लोगों से अपील की कि पूजा सामग्री एवं प्लास्टिक का उपयोग कम करें और नदी-तालाबों को प्रदूषित होने से बचाएं।
समाज की सहभागिता से बनेगा स्वच्छ और हरित भविष्य
संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास नियमित सफाई, पौधारोपण और जल संरक्षण के कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या श्रीमती थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति केवल जागरूकता नहीं बल्कि स्वयं श्रमदान कर समाज को प्रेरित करने का कार्य कर रही है। यदि हर व्यक्ति छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
अभियान में प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, प्रदेश सचिव आशीष कुमार दिल्लीवार, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं नागरिक शामिल हुए।





