
बालोद। राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती के अवसर पर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ द्वारा गूगल मीट के माध्यम से प्रदेश स्तरीय वर्चुअल विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में सामाजिक न्याय, संगठन सुदृढ़ीकरण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत “जय जवान, जय किसान, जय ओबीसी, जय संविधान” के उद्घोष के साथ हुई। बैठक का संचालन प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ओबीसी महासभा की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य डॉ. पुष्पराज सिंह शामिल हुए।
शाहूजी महाराज के विचारों को अपनाने का आह्वान
गोष्ठी में प्रदेश महासचिव जनक राम साहू, एडवोकेट महेंद्र वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. आई.पी. यादव, बस्तर संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु, प्रदेश सचिव आनंद साहू, डॉ. एन.डी.आर. चंद्रा, शिव प्रसाद राजवाड़े, आर.एन. श्रीवास तथा सुनील यादव सहित अन्य वक्ताओं ने शाहूजी महाराज के सामाजिक समता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। साथ ही, प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय जनगणना और 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण जैसे मुद्दों पर रायपुर में आंदोलन आयोजित करने की योजना पर विचार-विमर्श किया।
प्रदेशभर से जुड़े पदाधिकारी
ऑनलाइन गोष्ठी में प्रदेश एवं विभिन्न जिलों के पदाधिकारी, संभागीय पदाधिकारी, महिला मोर्चा प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और अपने विचार साझा किए।
आभार के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन रायपुर संभाग अध्यक्ष हेमंत साहू द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ किया गया। अंत में प्रतिभागियों ने सामाजिक न्याय एवं संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।





