DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

वैवाहिक वर्षगांठ पर जनसेवा की मिसाल: जनपद सदस्य दंपत्ति ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, स्वास्थ्य केंद्र को दी स्टील चेयर और मंदिर निर्माण के लिए ₹62 हजार का सहयोग

बालोद। वैवाहिक वर्षगांठ को जनसेवा के रूप में मनाते हुए जनपद सदस्य मंजू संजय बैस एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए स्टील चेयर भेंट की तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।

जनपद सदस्य मंजू बैस ने अपने निधि से उप स्वास्थ्य केंद्र को दो स्टील चेयर प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि मरीजों और उनके परिजनों को धूप एवं बारिश से राहत दिलाने के उद्देश्य से उनके प्रयासों से ₹15 लाख की लागत से डोम शेड का निर्माण कराया गया है। अब उसी परिसर में बैठने की बेहतर व्यवस्था भी उपलब्ध करा दी गई है।

पोलियो अभियान में निभाई सक्रिय भूमिका

दंपत्ति ने स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर मंजू बैस ने कहा कि प्रत्येक बच्चे का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं जागरूक अभिभावकों के प्रयासों की सराहना भी की।

राम जानकी मंदिर निर्माण के लिए ₹62 हजार की घोषणा

सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सहयोग की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस ने ग्राम अरमुरकसा स्थित राम जानकी मंदिर के निर्माण के लिए ₹62 हजार देने की घोषणा की। इसमें राम जानकी सेवा समिति के संरक्षक के रूप में ₹51 हजार तथा व्यक्तिगत रूप से ₹11 हजार का सहयोग शामिल है।

स्वास्थ्य कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों एवं जनप्रतिनिधियों ने दंपत्ति को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सरपंच वेद बाई पिस्दा, उपसरपंच नितिन जैन, पंच संतोष जैन, पंकज जेठवानी, खेमिन निर्मलकर, उप स्वास्थ्य केंद्र की सुपरवाइजर श्रीमती पुष्पा सपाटे, डॉ. तामेश्वर भुआर्य, द्रोपती भरतद्वाज, श्रीमती बुधयारीन कोठारी, रमशीला मंडावी, सुकमा नागेंद्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

मुख्य बिंदु:

  • वैवाहिक वर्षगांठ पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश।
  • उप स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की सुविधा के लिए स्टील चेयर उपलब्ध कराई गई।
  • ₹15 लाख की लागत से निर्मित डोम शेड से मरीजों और परिजनों को राहत।
  • अरमुरकसा के राम जानकी मंदिर निर्माण के लिए ₹62 हजार के सहयोग की घोषणा।

You cannot copy content of this page