
जिला महामंत्री राकेश यादव बोले— तकनीकी रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत
बालोद। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा शहर मंडल की बैठक रविवार को बालोद में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री राकेश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत वरिष्ठ नेताओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात महिला मोर्चा शहर मंडल की अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने स्वागत भाषण देते हुए महिलाओं से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने और महिला मोर्चा को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री राकेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संगठन की गतिविधियों एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की विस्तृत जानकारी देते हुए ऑनलाइन प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में प्रत्येक कार्यकर्ता का डिजिटल रूप से दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने भाजपा शहर मंडल एवं महिला मोर्चा की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए बताया कि महिला मोर्चा की 20 सदस्याएं अब तक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर चुकी हैं।
बैठक में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा एवं महामंत्री हितेश्वरी कौशिक ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा मंडल की महामंत्री सरोजिनी साहू ने तथा आभार प्रदर्शन महामंत्री दीप्ति यादव ने किया।
इस अवसर पर भाजपा शहर मंडल महामंत्री नरेंद्र सोनवानी, वरिष्ठ नेत्री रेखा निकोसे, सरोज गंगबेर, श्वेता राजपूत, आशा पटेल, सुनीता मनहर, अंबिका यादव, वनिता मरकाम, कौशल्या कौशिक, अनिता पढ़ेरकर, विशाखा साहू, नीमा साहू, प्रियंका श्रीवास सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। बैठक में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी साहू एवं श्रीमती चंद्रिका गंजीर सहित महिला मोर्चा जिला टीम की भी उपस्थिति रही।





