
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत अभिभावकों से बच्चों को समय पर टीकाकरण कराने की अपील
गुरुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत ग्राम भर्रीगांव में बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत गुरुर की अध्यक्ष सुनीता संजय साहू ने अभियान का शुभारंभ करते हुए शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई l

इस दौरान उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की निर्धारित खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस बीमारी के खतरे से वंचित न रहे।
सुनीता साहू ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, मितानिनों एवं जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से यह अभियान गांव-गांव तक सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी अभिभावकों को पोलियो टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित रूप से पोलियो की खुराक पिलाने से बच्चों को इस गंभीर बीमारी से आजीवन सुरक्षा मिलती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान में सहभागिता निभाई तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।
— गुरुर से सूर्यकांत साहू की रिपोर्ट





