
डौंडी। संकुल केंद्र चिपरा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भर्रीटोला-43 में शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करने के साथ उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत चिपरा क्षेत्र की जनपद सदस्या श्रीमती आशा आर्य थीं। उन्होंने कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी बच्चों का मुंह मीठा कराकर विद्यालय में स्वागत किया और विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ अध्ययन कर बेहतर भविष्य बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना भी की।

इस अवसर पर प्राथमिक शाला की शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पोषण धनकर ने अपने पुत्र के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के लिए न्यौता भोज (खीर-पूरी) का आयोजन कर कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा पाँचवीं एवं आठवीं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
संकुल समन्वयक योगेंद्र जायसवाल ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए पालकों और शिक्षकों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख नारायण प्रसाद वर्मा एवं श्रीमती बबीता ठाकुर, शिक्षक चंद्रभानु, श्रीमती सविता वर्मा, सरपंच श्रीमती राजकुमारी देहारी, शिक्षाविद डोमन लाल गुनेंद्र तथा गुलाबचंद, सुनीता गुनेंद्र, वैजयंती धनेंद्र, तिलेश्वरी, मनोज कोठारी और कामन धनेंद्र सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









