स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां पूरी, घर-घर पहुंचेंगी टीमें — सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके ने की अपील
बालोद। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 28 जून 2026 को जिलेभर में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार जिले में 77,617 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जे.एल. उइके ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था भी बनाई गई है।
हर बच्चे तक पहुंचेगी टीम, बनाए गए विशेष बूथ
सीएमएचओ ने बताया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
इसके अलावा बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी। वहीं ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों और दूरस्थ बस्तियों तक पहुंचने के लिए मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।
28 जून को नहीं पहुंच सके तो घर आएगी टीम
उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 28 जून को पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अगले दो से तीन दिनों तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
सभी कोल्ड चेन केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है तथा गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
विशेष प्रशिक्षण के साथ मैदान में उतरे स्वास्थ्यकर्मी
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए डॉक्टरों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि टीकाकरण पूरी सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ संपन्न हो सके।
अभिभावकों से अपील
सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 जून को अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही बच्चे को नियमित टीकाकरण के तहत पहले पोलियो की खुराक मिल चुकी हो, फिर भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान दवा पिलाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा—
“पोलियो मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, 28 जून को अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें आजीवन सुरक्षा प्रदान करें।”










