कुसुमकसा। शासकीय आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कुसुमकसा में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत कर उन्हें शिक्षा के महत्व एवं नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र मिश्रा, प्राचार्या श्रीमती सुनीता यादव, पालक समिति के अध्यक्ष नइम कुरैशी, संरक्षक डॉ. नसीम खान तथा सचिव सन्नी जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पालकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।










