अंडा, संजय साहू। थाना अंडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिंगरी में खेत में काम करने गए एक किसान की करंट लगने से मौत हो जाने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यालय के सामने शव रखकर कई घंटों तक धरना प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चिंगरी निवासी बिरेन्द्र देशमुख (60 वर्ष) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से 11 बजे के बीच अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर करीब 1 बजे थाना अंडा को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अपने पीछे पत्नी अनुसुईया देशमुख, पुत्र जागेश्वर देशमुख एवं गावेश देशमुख सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर फैल गई।
शव रखकर किया प्रदर्शन, बारिश में भी डटे रहे ग्रामीण
पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने के बजाय अंडा स्थित बिजली विभाग कार्यालय के सामने शव रखकर करीब 4 से 5 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करते रहे।
दो साल पहले शिकायत का दावा, कार्रवाई नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस विद्युत पोल के पास हादसा हुआ, वह लंबे समय से झुका हुआ था। इस संबंध में करीब दो वर्ष पहले विभाग को लिखित शिकायत देकर पोल को दुरुस्त कराने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पोल झुकने के कारण बिजली के तार नीचे आ गए थे और उन्हें अस्थायी रूप से लोहे के घेरे से बांधकर रखा गया था। समय के साथ तकनीकी खराबी आने से उस लोहे के घेरे में करंट प्रवाहित होने लगा, जिसकी चपेट में आने से किसान की मौत हो गई।
मुआवजा, नौकरी और जांच की मांग
ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की तकनीकी जांच कर दोष तय करने की मांग भी उठाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च पुलिस अधिकारी, अंडा थाना प्रभारी श्रद्धा पाठक एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों से भी पूरे मामले में जवाब मांगा गया है।










