DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सांकरा स्कूल में प्रवेशोत्सव की धूम: साइकिल, पुस्तक वितरण के साथ अतिरिक्त भवन का लोकार्पण, दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

बालोद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा (ज) में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव, निःशुल्क साइकिल एवं पुस्तक वितरण, अतिरिक्त भवन कक्ष का उद्घाटन तथा नशामुक्ति शपथ समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पालकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, सरस्वती वंदना एवं राज्यगीत के साथ हुआ। अतिथियों ने कक्षा नवमीं के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया। वहीं शासन की योजना के तहत बालिकाओं को निःशुल्क साइकिलें भी प्रदान की गईं।

इस अवसर पर अतिरिक्त भवन कक्ष का लोकार्पण किया गया तथा विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों से अनुशासित रहकर अध्ययन करने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के शिक्षक आई.एल. लेंडिया ने शाला की विभिन्न गतिविधियों एवं परीक्षा परिणामों की जानकारी पालकों और शाला प्रबंधन समिति को दी। प्रभारी प्राचार्य खिलेश कुमार गंगासागर ने पालकों से बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार रखने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक, पालक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया।

जनपद सदस्य श्रीमती दमयंती सुभाष हरदेल ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। शाला विकास समिति के अध्यक्ष भूपत बघेल ने अनुशासन और नियमित अध्ययन पर बल दिया, जबकि सेवानिवृत्त प्राचार्य एम.एल. गौतम ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में शाला विकास समिति के सदस्य नोहरू चंद्राकर, जी.आर. दीपक, नेतराम देशमुख, दसरू साहू, शेषनारायण देशमुख सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन के.एस. देशमुख ने किया।

You cannot copy content of this page