बालोद। भारतीय जनता पार्टी बालोद द्वारा कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का संचालन किया जा रहा है। भाजपा जिला कार्यालय जुंगेरा में जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि बदलते समय में तकनीकी रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही नए भारत और मजबूत राजनीतिक व्यवस्था की रीढ़ साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला भाजपा महामंत्री एवं डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के जिला प्रभारी राकेश छोटू यादव ने कहा कि सूचना एवं संचार क्रांति के इस दौर में संगठन को भी समय के साथ हाईटेक बनाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाते हुए भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों से प्रशिक्षित कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए बूथ एवं गांव स्तर के कार्यकर्ता भी अपने मोबाइल फोन पर पार्टी के इतिहास, अंत्योदय के सिद्धांत, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। ऑडियो-वीडियो और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाया गया है।
राकेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे तथ्यों के आधार पर संवाद स्थापित कर सकें। उन्होंने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से इस डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से प्रशिक्षित कार्यकर्ता भविष्य में संगठन और जनता के बीच आधुनिक एवं प्रभावी सेतु की भूमिका निभाएंगे।










