बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार गुरु बालकदास शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, गोड़ेला में शनिवार को कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के सम्मान में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह, उल्लास और अनूठे अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुई।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण ग्राम के सेवानिवृत्त शिक्षकों दिलीप चन्द्राकर, राधेश्याम कुर्रे, मनसुख दास बंजारे, दीनदयाल देशमुख एवं पुनीत राम साहू का संयुक्त प्रयास रहा। उनके सहयोग से शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा पाँचवीं में प्रथम स्थान प्राप्त कौटिल्य, द्वितीय स्थान प्राप्त गुंजा गायकवाड़, तथा कक्षा आठवीं में प्रथम कुमारी गुंजन एवं द्वितीय कुमारी मीनाक्षी ढीमर को स्कूल बैग, कॉपी और पेन प्रदान किए गए। वहीं सभी विद्यार्थियों को भी पेन वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशी बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया। बच्चों के पैरों की छाप लेकर उनका मुंह मीठा कराया गया, जिससे कार्यक्रम भावनात्मक और यादगार बन गया।
संस्था प्रमुख आर.के. हिरवानी ने स्वागत भाषण देते हुए शासन की विभिन्न शिक्षा योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उपस्थित अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों को केला, मिठाई तथा पूड़ी-सब्जी का न्यौता भोज कराया गया।
इस अवसर पर शिक्षाविद संतोष कुर्रे, ग्राम प्रमुख जोहन बंजारे, गणेश राम जांगड़े, समिति की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया साहू, संकुल समन्वयक श्री सोनी, समिति के सदस्य, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रतिभा त्रिपाठी ने तथा आभार प्रदर्शन शोभा राम देवांगन ने किया।









