
बालोद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घीना में नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ पर प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत करने के साथ ही शाला विकास समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया ।

बैठक में नंद कुमार ठाकुर को शाला विकास समिति का अध्यक्ष तथा उमेश तारम को उपाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उपस्थित जनों ने शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का विश्वास व्यक्त किया।

प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यार्थियों का मिठाई खिलाकर विद्यालय परिवार ने आत्मीय स्वागत किया। वहीं शासन की योजना के तहत कक्षा नवमीं की छात्राओं को साइकिलें भी वितरित की गईं, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एल.के. तारेंद्र ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।









