बालोद। वेटलिफ्टिंग में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन कर बालोद जिले का नाम रोशन करने वाली दो महिला खिलाड़ियों का जिला प्रशासन ने सम्मान किया। संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला खेल अधिकारी चंद्रकांत कौशिक तथा डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक जिला खेल अधिकारी श्रीमती प्राची ठाकुर ने खिलाड़ियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में अनीता शिंदे को चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज 2026 की 86 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। वहीं उनकी प्रशिक्षु कुमारी विनीता ठाकुर को रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की 77 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के लिए सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी उपलब्धियां जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा देंगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगी।











