DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और ऊर्जा का संदेश: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

बालोद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिनांक 21 जून 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक प्रेरणादायी एवं स्वास्थ्य जागरूकता से परिपूर्ण योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य अजय मुखर्जी के संरक्षण एवं व्याख्याता घनश्याम पटेल के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप मां शारदे की पूजा-अर्चना तथा वेद माता गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुई। विद्यालय परिसर में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने पूरे श्रद्धा और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

सुबह 7:30 बजे से 10:00 बजे तक चले योग सत्र में लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की, जिनमें माध्यमिक शाला के विद्यार्थी भी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को 10 प्रकार के योग एवं प्राणायाम की जानकारी दी गई तथा उनका व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

योगाभ्यास के अंतर्गत कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग विधाओं का अभ्यास कराया गया तथा विद्यार्थियों को योग के दैनिक जीवन में महत्व से अवगत कराया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य अजय मुखर्जी ने कहा कि योग व्यक्ति को निरोगी बनाता है तथा स्वस्थ जीवन के लिए इसका प्रतिदिन अभ्यास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया।

व्याख्याता सी.जी. पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि योग शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है।

वहीं व्याख्याता हेमेंद्र साहू ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर योग करने से ऊर्जा के साथ मानसिक प्रसन्नता भी प्राप्त होती है, इसलिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपादन डॉ. बी.एल. साहसी, व्याख्याता द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आज पूरे विश्व में योग का प्रभाव दिखाई दे रहा है और इसके पीछे योग गुरुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने योग के वैश्विक प्रसार में योगदान देने वाले सभी योगाचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान एम. गुप्ता, गोयल मैडम एवं मानिकपुरी सर ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि योग प्रक्रिया को नियमित रूप से अपनाने से शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न रहता है तथा प्रत्येक व्यक्ति को इसका लाभ लेना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में श्रीमती त्रिजला ठाकुर मैडम द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने योग को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

“करें योग – रहें निरोग” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

You cannot copy content of this page