बालोद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला, बालोद में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों एवं युवाओं ने भाग लेकर योग और व्यायाम के महत्व को समझा।
योगासन, प्राणायाम और ध्यान से दिया स्वास्थ्य का संदेश

कार्यक्रम के दौरान अखाड़ा के वरिष्ठ गुरुजी नेमीचंद नाग, युवा प्रशिक्षक रवि पटेल, जागेश साहू एवं विनायक यादव के मार्गदर्शन में विभिन्न योग क्रियाएं कराई गईं।
योग सत्र में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, धनुषासन, सिंहासन के साथ-साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान योग का अभ्यास कराया गया।
निःशुल्क प्रशिक्षण से युवाओं में बढ़ रही नई ऊर्जा

संस्था के सचिव विजय पारख ने बताया कि जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला में नियमित रूप से सुबह एवं शाम योग, व्यायाम, कुश्ती, कबड्डी, मलखंभ एवं दण्ड संचालन का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से छोटे बच्चों और युवाओं में नई ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का विकास हो रहा है। संस्था “तन स्वस्थ, मन स्वस्थ – फिट बालोद, फिट इंडिया” के ध्येय वाक्य के साथ लगातार कार्य कर रही है।
दशहरा तालाब में विशेष योग प्रदर्शन बना आकर्षण
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अखाड़ा के वरिष्ठ गुरुजी नेमीचंद नाग ने नगर के दशहरा तालाब में विशेष योग प्रदर्शन करते हुए पानी की सतह पर संतुलन बनाकर कुछ समय तक शवासन मुद्रा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ देखा।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष रामेश्वर ढीमर, सचिव विजय पारख सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जीने के संकल्प के साथ किया गया।












