DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और नई ऊर्जा का संदेश: सिर्री में विश्व योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन

आयुष्मान आरोग्य मंदिर और विद्यालय के संयुक्त प्रयास से बच्चों, ग्रामीणों और बुजुर्गों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

गुण्डरदेही/बालोद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर विकासखण्ड गुण्डरदेही अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) सिर्री के तत्वाधान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिर्री परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, पालकों, ग्रामीणों एवं विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच श्रीमती भारती देवांगन उपस्थित रहीं। साथ ही ग्राम पंचायत के पंचगण, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. टिकरिहा, आयुष औषधालय का समस्त स्टाफ, योग प्रशिक्षक श्री नवीन चंद्राकर, विद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पालक और ग्रामवासी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक श्री नवीन चंद्राकर ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग सत्र में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और योग के माध्यम से तन-मन को स्वस्थ रखने का संदेश ग्रहण किया।

इस अवसर पर डॉ. एस.पी. टिकरिहा ने योग के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। उन्होंने आयुर्वेद की दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व को बताते हुए लोगों से प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने की अपील की।

मुख्य अतिथि श्रीमती भारती देवांगन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन में शामिल कर स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम में लगभग 80 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। आयोजन के समापन पर सभी प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज वितरित किया गया तथा शांति पाठ एवं आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम को सार्थक करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, युवाओं एवं वृद्धजनों ने नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प लिया। संयुक्त आयोजन ने क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता और योग के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया।

You cannot copy content of this page