DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

योग से स्वस्थ तन, शांत मन और सकारात्मक जीवन का संदेश: स्वामी आत्मानंद विद्यालय बालोद में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

विद्यार्थियों ने योगासन, प्राणायाम और सामूहिक गीतों से दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

बालोद। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बालोद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के बीच योग के महत्व, स्वस्थ जीवन शैली तथा मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं योग संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ संकल्प और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। योग हमें अनुशासन, संयम, सद्भाव एवं आत्मचिंतन का मार्ग दिखाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने वज्रासन, ताड़ासन, वृक्षासन, गरुड़ासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित अन्य योग क्रियाओं का प्रदर्शन कर योग के प्रति अपनी रुचि एवं अनुशासन का परिचय दिया।

इस अवसर पर योग के लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा विचार सकारात्मक बने रहते हैं। साथ ही तनाव, चिंता एवं विभिन्न जीवनशैली संबंधी समस्याओं से बचाव में भी योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “संयममय जीवन हो” सामूहिक गीत एवं सर्वधर्म प्रार्थना प्रस्तुत कर वातावरण को प्रेरणादायी बनाया।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं श्री डी.पी. सिन्हा, श्री हरीश पटेल, पंकज सोनी, भेद कोसले, श्रीमती वंदना शर्मा, रुक्मणी ठाकुर, हर्षा ठक्कर, अर्चना साहू, मनोरमा कुंभज, कुमुदिनी साहू, सुषमा तिवारी एवं शैलेंद्री साहू का विशेष सहयोग रहा।

You cannot copy content of this page