शबरी स्पोर्ट्स क्लब और जिला हॉकी संघ ने दी भावभीनी विदाई, जनप्रतिनिधियों ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणा
बालोद। शबरी स्पोर्ट्स क्लब एवं जिला हॉकी संघ बालोद द्वारा संचालित “नई सोच नई उड़ान” कोचिंग एवं फिजिकल ट्रेनिंग से जुड़े छात्र करन साहू (पिता – गिरधर साहू) का भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है। करन की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए जनप्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में करन साहू को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके सफल सैन्य जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच बसंत तारम ने कहा कि करन साहू की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है और करन ने इसका उदाहरण प्रस्तुत किया है।
अध्यक्ष मिथलेश तारम ने कहा कि “नई सोच नई उड़ान” जैसे प्रशिक्षण अभियान युवाओं को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। करन की सफलता यह साबित करती है कि उचित मार्गदर्शन और सतत अभ्यास से युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
वहीं कोच तोरण सिन्हा ने बताया कि करन शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भारतीय सेना में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करेगा।
अग्निवीर में चयन होने पर शबरी स्पोर्ट्स क्लब, जिला हॉकी संघ बालोद एवं नई सोच नई उड़ान कोचिंग परिवार की ओर से करन साहू का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इसे युवाओं को खेल, फिटनेस और देश सेवा की दिशा में आगे बढ़ाने वाला प्रेरक क्षण बताया।
इस अवसर पर जिला हॉकी संघ अध्यक्ष तोमन साहू, समाजसेवी हेमंत साहू, घनश्याम सिन्हा, सौरभ शर्मा, सूर्यकांत सिन्हा, राजेश घोड़ेसवार, गमनेश्वर ताराम, देवांगन सर, दीनदयाल साहू, महेश्वर साहू, नम्रता, पेरमेश्वरी, झामीत कमल, गीतांजलि, झरना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने करन साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी देश सेवा और अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करेगी।












