DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कुसुमकसा-धुरवाटोला के 5 सपूत बने अग्निवीर: बैस निवास में हुआ भव्य सम्मान, गूंजे भारत माता के जयकारे

पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस बोले – “यह दिन क्षेत्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा”

दल्ली राजहरा। कुसुमकसा एवं धुरवाटोला क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन गौरव और उत्साह का प्रतीक बन गया, जब क्षेत्र के 5 होनहार युवाओं का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना के अंतर्गत चयन होने पर उनका भव्य सम्मान किया गया। ग्राम कुसुमकसा के दामेन्द्र कुमार (पिता– संतोष कुमार), जितेन्द्र कुमार (पिता– सागर कुमार कोमरा), निखिल कुमार (पिता– तिलक साहू) तथा ग्राम धुरवाटोला के देवधर कुल्हारे (पिता– ईश्वर कुल्हारे) एवं दीपेश कुमार (पिता– रंगुलाल) ने भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

इन वीर सपूतों के सम्मान में क्षेत्र के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस के मार्गदर्शन तथा जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस के आतिथ्य में कुसुमकसा स्थित बैस निवास पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच हुआ स्वागत

जैसे ही चयनित अग्निवीरों के बैस निवास पहुंचने की सूचना मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी उनका स्वागत करने पहुंच गए। जवानों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। पूरे क्षेत्र में “भारत माता की जय”, “भारतीय सेना जिंदाबाद” और “छत्तीसगढ़ महतारी की जय” के नारों से वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

आरती, तिलक और सम्मान के साथ किया अभिनंदन

पूर्व जनपद सदस्य श्री संजय बैस ने सभी चयनित जवानों की आरती उतारी, मुंह मीठा कराया और शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी एवं जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस तथा कृषि विभाग सभापति श्रीमती आशा आर्य ने भी तिलक लगाकर जवानों का अभिनंदन किया।

“किसानों के बेटे अब देश की रक्षा करेंगे” – संजय बैस

समारोह को संबोधित करते हुए श्री संजय बैस ने कहा—

“आज कुसुमकसा क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का दिन है। एक साथ 5 युवाओं का भारतीय सेना में चयन होना पूरे क्षेत्र की उपलब्धि है। ये सभी किसान परिवारों के बेटे हैं। माता-पिता ने कठिन परिश्रम और संघर्ष के साथ इन्हें आगे बढ़ाया और आज ये भारत माता की सेवा के लिए तैयार हैं। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे संस्कार देने वाले माता-पिता सम्मान के वास्तविक पात्र हैं और क्षेत्र स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

“सम्मान से प्रेरणा मिलती है” – मंजू बैस

जनपद सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस ने कहा—

“पिछले वर्ष बैस निवास में 100 से अधिक सैनिकों का सम्मान किया गया था। उसी प्रेरणा का परिणाम है कि आज हमारे क्षेत्र के युवा सेना में जाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं। मुझे इन सभी भाईयों पर गर्व है।”

देशभक्ति गीत से गूंजा समारोह

कृषि विभाग सभापति श्रीमती आशा आर्य ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का योगदान अमूल्य है और देश की रक्षा करने वाले जवान समाज के लिए प्रेरणा होते हैं।

सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में बना यादगार आयोजन

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष योगेन्द्र सिन्हा, राम जानकी सेवा समिति अध्यक्ष संतोष जैन, हरीशचंद्र यादव, गौरीशंकर साहू, मंडल अध्यक्ष शमशेर खान, मनीष जेठवानी, डॉ. नसीम खान, उप सरपंच नितिन जैन, पूर्व उप सरपंच दीपक यादव, डॉ. सेतराम साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

भावुक हुए अग्निवीर

अपने गांव और क्षेत्रवासियों के बीच मिले इस सम्मान से चयनित जवान भावुक नजर आए। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा—

“हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश सेवा करेंगे और अपने क्षेत्र का नाम हमेशा ऊंचा रखने का प्रयास करेंगे।”

You cannot copy content of this page