अब दूरी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ साइकिल वितरण
बालोद। वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किल्लेकोडा में छात्राओं के लिए प्रेरणादायी वातावरण के बीच निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत लगभग 16 नवीन छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम उत्साह और खुशी के माहौल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य मुखर्जी ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजाराम ताराम (जिला पंचायत सदस्य), वीरेंद्र कुल्हार्य (सदस्य), गैंद लाल ताराम (पूर्व सरपंच) एवं अधन सिन्हा उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवप्रवेशी छात्राओं का अबीर-गुलाल लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया तथा पालकों की उपस्थिति में छात्राओं को साइकिल प्रदान की।
इस अवसर पर प्राचार्य मुखर्जी ने कहा कि सरकार की इस योजना से बच्चों के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान होगी और दूरी अब शिक्षा में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि कई छात्राएं दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आती हैं, ऐसे में साइकिल उनके समय, सुविधा और नियमित उपस्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला पंचायत सदस्य राजाराम ताराम ने कहा कि शासन की यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। पहले कई छात्राओं को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती थी, लेकिन अब वे अधिक सुविधा और आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित वीरेंद्र कुल्हार्य ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की यह योजना वर्षों से विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इससे बच्चों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। उन्होंने सभी छात्राओं को साइकिल प्राप्त होने पर बधाई दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपादन राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता डॉ. बी.एल. साहसी ने किया। उन्होंने कहा कि निशुल्क साइकिल वितरण योजना शिक्षा से जोड़ने वाली एक प्रभावी पहल है, जिससे बच्चे उत्साहपूर्वक विद्यालय पहुंचते हैं और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि बढ़ती है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सी.जी. पटेल (व्याख्याता), जे.पी. बांधव (व्याख्याता), हेमेंद्र साहू (व्याख्याता), घनश्याम पटेल (व्याख्याता), श्रीमती त्रिजला ठाकुर, श्रीमती मुक्ति मैडम, खगेश ठाकुर एवं कुशल देवदास सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं पालकों ने शासन की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया और बेटियों की शिक्षा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।












