DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नव प्रवेशी बच्चों के स्वागत से गूंजा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद, प्रवेश उत्सव में शिक्षा और संस्कार का दिया संदेश

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार संचालित शाला प्रवेश उत्सव अभियान के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद में शुक्रवार को उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ प्रवेश उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर, हाथों के निशान अंकित कर एवं मुंह मीठा कर स्वागत किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के चेहरे पर नए शैक्षणिक सत्र की खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश का वितरण किया गया। साथ ही विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और पहाड़ा भी उपलब्ध कराया गया।

प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में संस्था के प्रधान पाठक एस.आर. सोरी एवं शिक्षक नरेन्द्र कुमार रजक ने शासन की विभिन्न शिक्षा संबंधी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।

जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में ग्रामीण जनप्रतिनिधि, अभिभावक, संस्था के समस्त शिक्षक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुई।

You cannot copy content of this page