DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

तिलक, मिठाई और नई उम्मीदों के साथ गूंजा भंवरमरा: शाला प्रवेशोत्सव में बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भंवरमरा में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ

भंवरमरा/ डौंडीलोहारा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भंवरमरा में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, पालकों एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री डोमार सिंह साहू रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री नेमसिंह ठाकुर ने की। विशेष अतिथि के रूप में शिक्षाविद श्री आर.डी. मानिकपुरी, ग्राम पटेल श्री राधेलाल राणा, उपसरपंच श्री भीखमसिंह ईस्दा, वरिष्ठ व्याख्याता श्री राधेश्याम साहू एवं श्री हेमप्रकाश मेश्राम सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया गया विशेष स्वागत

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस सत्र में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरों पर नए सत्र को लेकर उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।

शिक्षा को बताया विकास की सबसे बड़ी ताकत

मुख्य अतिथि श्री डोमार सिंह साहू ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही सर्वांगीण विकास की कुंजी है और समिति विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।”

प्राचार्य श्री नेमसिंह ठाकुर ने विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन एवं विद्यार्थियों के नियमित ठहराव का लक्ष्य दोहराते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।

शिक्षाविद श्री आर.डी. मानिकपुरी ने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। वहीं वरिष्ठ व्याख्याता श्री राधेश्याम साहू ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर समय प्रबंधन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

श्री हेमप्रकाश मेश्राम ने पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम की जानकारी साझा करते हुए लोकल परीक्षा एवं सेमेस्टर प्रणाली की जानकारी दी। उपसरपंच श्री भीखमसिंह ईस्दा ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा कर बच्चों को प्रेरित किया।

मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में गत वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री येनुराम मेरिया ने किया तथा यशवन्त कुमार कुलदीप ने आभार प्रदर्शन किया।

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, पालकों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों और अभिभावकों के बीच “पढ़ेगा भंवरमरा, बढ़ेगा भंवरमरा” के संकल्प के साथ शाला प्रवेशोत्सव संपन्न हुआ।

You cannot copy content of this page