DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रात के अंधेरे में डीजल चोरी का खेल: बालोद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, 11 आरोपी गिरफ्तार, 6 वाहन जब्त

मध्यप्रदेश–छत्तीसगढ़ से जुड़ा नेटवर्क बेनकाब, ट्रक-बसों से डीजल निकालकर बेचते थे आरोपी

बालोद। बालोद पुलिस को डीजल चोरी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगातार क्षेत्र में हो रही डीजल चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है तथा 6 वाहनों को जब्त किया गया है। आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश पासिंग की दो स्कॉर्पियो, एक टैंकर वाहन, तीन मोबाइल, 37 खाली गैलन तथा 40 हजार रुपए नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना बालोद एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पहले दो आरोपी पकड़े गए, फिर खुला पूरे गिरोह का राज

पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को नाकेबंदी के दौरान पहले दो आरोपी शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी एवं देवेन्द्र विश्वकर्मा को पकड़ा गया था। उनके कब्जे से स्विफ्ट डिजायर कार, सूमो गोल्ड, स्कॉर्पियो, मोबाइल फोन तथा लगभग 490 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया गया था।

इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश जारी रही। साइबर सेल और थाना बालोद की संयुक्त टीम ने रायपुर के उरला क्षेत्र स्थित किराये के मकान में दबिश देकर अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया।

ऐसे करते थे डीजल चोरी का खेल

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले मध्यप्रदेश के शाजापुर क्षेत्र के एक व्यक्ति के माध्यम से उनका संपर्क भिलाई क्षेत्र के रहने वाले गणेश साव से हुआ था। आरोपियों को बताया गया कि ट्रक और बसों से डीजल चोरी कर सप्लाई करने पर अच्छा कमीशन मिलेगा।

इसके बाद गिरोह के सदस्य रात में ट्रक एवं बसों की टंकियों का लॉक तोड़कर पाइप और गैलन की मदद से डीजल निकालते थे और चोरी का डीजल वाहनों के माध्यम से बिक्री के लिए पहुंचाया जाता था। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो का उपयोग किया जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने 03 जून से 07 जून तथा 10–11 जून 2026 के दौरान लाटाबोड़, नेवारीखुर्द, जगतरा, अर्जुन्दा और कुम्हारी क्षेत्रों में ट्रक और बसों से डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सोनू वाल्मिकी (शाजापुर), गणेश साव (भिलाई), अरुण फुलेरिया (शाजापुर), तुषार माली (उज्जैन), राहुल चंदेल (शाजापुर), राकेश चंदेल (शाजापुर), होकम सिंह मालवी (शाजापुर), विरेन्द्र सिंह (रायपुर) तथा धरमराज फुलेरिया (शाजापुर) शामिल हैं।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में शिवपाल उर्फ शिवा वाल्मिकी एवं देवेन्द्र विश्वकर्मा शामिल हैं।

वाहन, मोबाइल, गैलन और नगदी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों से एमपी 53 सीए 1629 वाहन, एमएच 04 डीवाय 0004 वाहन, टैंकर क्रमांक सीजी 19 एच 0321, मोबाइल फोन, 37 प्लास्टिक गैलन तथा 40 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी का डीजल खरीदकर आगे सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी जांच जारी है।

इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक हरिशचंद्र सिन्हा, आरक्षक संजय सोनी, बनवाली साहू, भूपेश कुमार साहू, लक्ष्मण साहू, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, विवेक शाही, संदीप यादव, राहुल मनहरे, आकाश सोनी, आकाश दुबे, पुरन देवांगन, विपिन गुप्ता, गुलजारी साहू एवं भोपसिंह साहू का विशेष योगदान रहा।

You cannot copy content of this page