कृषि विभाग के वितरण कार्यक्रम में जैविक खेती, जल संरक्षण और उन्नत कृषि पर दिया गया जोर
बालोद/दल्ली राजहरा। ग्राम पंचायत अरमुरकासा में कृषि विभाग के तत्वावधान में किसानों को प्रोत्साहित करने और आधुनिक कृषि उपकरणों की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से बैटरी चलित स्प्रेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत गांव के 35 किसानों को बैटरी चलित स्प्रेयर वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती मंजू संजय बैस रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विभाग की सभापति श्रीमती आशा आर्य ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सरपंच श्री हलधर गोरे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कृषि विभाग के अधिकारी वाई.आर. देहारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
गांव की मांग पर किसानों तक पहुंचा लाभ
स्वागत उद्बोधन में सरपंच हलधर गोरे ने कहा कि ग्राम में उद्यानिकी विभाग होने के बावजूद किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस विषय को जनपद सदस्य मंजू बैस के समक्ष रखा गया, जिसके बाद उनके प्रयासों से किसानों को बैटरी चलित स्प्रेयर उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि इससे किसानों को खेती कार्य में सुविधा मिलेगी और कृषि कार्य अधिक प्रभावी बन सकेगा।
जल संरक्षण और उन्नत खेती अपनाने की अपील
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही कृषि विभाग सभापति आशा आर्य ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सुविधा स्थानीय मांग और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास का परिणाम है। उन्होंने किसानों को जल संचय, संसाधनों के संरक्षण और आधुनिक खेती पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जैविक खेती और वृक्षारोपण पर दिया संदेश
मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू संजय बैस ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में तब सबसे अधिक संतोष मिलता है जब योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों और किसानों तक पहुंचता है।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि कृषि को लंबे समय तक टिकाऊ और स्वास्थ्यप्रद बनाने के लिए धीरे-धीरे जैविक खेती की ओर बढ़ना आवश्यक है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते तापमान को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का भी आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि तकनीकों और जागरूकता के माध्यम से किसान बेहतर उत्पादन और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन कृषि विभाग के अधिकारी श्री चेतन लाल भुआर्य ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के पंचगण, संतोष लेडिया, नरेश केरम, राकेश नसर्वास, मुकेश मेरिया, इमन लाल, रामाधार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।











