DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हमला: कहा– जनता पर बढ़ रहा बोझ, बढ़े हुए बिल वापस ले सरकार

राजीव भवन बालोद में जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेसवार्ता, बिजली दर, स्मार्ट मीटर और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार को राजीव भवन बालोद में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बिजली दरों में वृद्धि एवं बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य एवं केंद्र सरकार की नीतियों को आम जनता, किसानों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला बताते हुए कई मुद्दों पर सवाल उठाए।

जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि जनता पर अत्याचार है और कांग्रेस इसका विरोध करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद किसान अभी भी खाद और बीज के लिए परेशान हैं तथा सोसायटियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रतिबंधों और सीमित आपूर्ति का असर केवल किसानों पर दिखाई दे रहा है जबकि बड़े औद्योगिक क्षेत्रों और खनन गतिविधियों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की।

बिजली बिल हाफ योजना बंद होने और बढ़ी दरों पर उठाए सवाल

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने घरेलू एवं गैर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कृषि पंपों की बिजली दरों में भी बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि पहले से महंगे बिजली बिलों से परेशान जनता को राहत देने के बजाय अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार क्षमता बढ़ाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

स्मार्ट मीटर पर उठाए सवाल, बिल बढ़ने के तीन कारण बताए

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए संजारी बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि जनता बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों दोनों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल के तीन प्रमुख कारण हैं—

  • बिजली दरों में वृद्धि
  • बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना
  • स्मार्ट मीटर से अधिक खपत दर्ज होने की शिकायतें

उन्होंने राज्य सरकार से जनहित में इस विषय पर पुनर्विचार करने की मांग की।

ये रहे उपस्थित

प्रेसवार्ता के दौरान पुरुषोत्तम पटेल, रामजीभाई पटेल, पीयूष सोनी, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, अंचल प्रकाश साहू, कमलेश श्रीवास्तव, कसीमुद्दीन कुरैशी, सुमित शर्मा, भूपेंद्र चंद्राकर, अकबर कुंजाम सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page