नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत के साथ शिक्षा और सहभागिता का दिया गया संदेश
बालोद। शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला चरोटा में शाला प्रवेशोत्सव बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं जनभागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन भी किया गया।
गठन प्रक्रिया के बाद सर्वसम्मति से सीमा मलिया को शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष, चंद्रा ठाकुर को उपाध्यक्ष, प्रधान पाठक श्रीमती पवन रेखा कौशल को सचिव तथा पुरुषोत्तम यदु को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं विद्यालय विकास को लेकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और सदस्यों ने अपने विचार साझा किए तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिक्षाविद विशेश्वर मंडावी, उपसरपंच फूलबासन मंडावी, पंच राजेंद्र मलिया, धर्मेंद्र, रोशन लाल, सरिता जांगड़े, जयंती ठाकुर (मितानिन), चुन्नीलाल, निर्मल साहू, विसंभर निर्मलकर एवं सरिता निषाद सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक, पालकगण एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षा को जनआंदोलन बनाने, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए सभी ने मिलकर सहयोग करने का संकल्प लिया।













