DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरूर: शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत, पहले दिन ही वितरित हुई पाठ्यपुस्तकें

जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संजय साहू ने बच्चों को दी संस्कारयुक्त शिक्षा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सीख

गुरुर/बालोद। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 16 जून से प्रारंभ हुए शाला प्रवेश उत्सव के तहत विकासखंड गुरुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला भरीगांव एवं शासकीय प्राथमिक शाला मूड़खूसरा में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जनपद पंचायत गुरुर अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया तथा विद्यालय जीवन को अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण बनाने की प्रेरणा दी।

“शिक्षा जीवन को नई दिशा देती है” – सुनीता संजय साहू

अपने संबोधन में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो जीवन को नई दिशा प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अध्ययन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अच्छे नागरिक बनने का संदेश दिया।

पहले दिन ही मिला शैक्षणिक सामग्री का लाभ

विद्यालय प्रशासन द्वारा शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस पर ही विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में नए सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में भरीगांव शाला के प्रधान पाठक श्री कटेन्द्र, शिक्षिका चेलक मैडम, पंच श्री नरेंद्र साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, श्री जनक साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वहीं शासकीय प्राथमिक शाला मूड़खूसरा में प्रधान पाठक श्री बसंत साहू, ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच मिर्रीटोला एवं शाला विकास समिति के सदस्य उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान पालकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने तथा शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।

रिपोर्ट: सूर्यकांत साहू, गुरुर

You cannot copy content of this page