खीर-पूड़ी के साथ बच्चों में दिखा उत्साह, VSK ऐप से शुरू हुई ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था
बालोद। शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला ज. सांकरा में दिनांक 17 जून 2026 को शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली एवं छठवीं में नवप्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को नवीन शिक्षा सत्र की शुरुआत के अवसर पर निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। वहीं मध्यान्ह भोजन संचालन समूह द्वारा बच्चों को खीर-पूड़ी खिलाकर मुंह मीठा कराया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि ने बच्चों को शिक्षा के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद सदस्य श्रीमती दमयंती हरदेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शाला के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सांकरा ज. की सरपंच श्रीमती लता चुरेन्द्र, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री हरिश्चन्द्र देशमुख तथा शिक्षाविद श्री छगन लाल पटेल ने अपने उद्बोधन में बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए अनुशासन, नियमित अध्ययन और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल शिक्षा व्यवस्था की ओर बढ़ता विद्यालय
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि विद्यालय में अब VSK App के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है, जिससे विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
कार्यक्रम में संकुल समन्वयक श्री बंदुराम ठाकुर, डॉ. सुभाष हरदेल, प्रधान पाठक श्री डी.आर. ठाकुर, प्रधान पाठक श्रीमती निलमती मारकंडे, वरिष्ठ शिक्षक श्री भीषम देवांगन, शिक्षक श्री अखिलेश बंजारे, शिक्षिका श्रीमती लीना हरदेल, शिक्षक श्री पोषण चतुर्वेदी सहित शाला परिवार एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य श्री कार्तिक राम साहू, श्री गुलाब वैष्णव, श्रीमती हुलसी वैष्णव, श्री नकुल राम, श्री पुरुषोत्तम निर्मलकर, श्री निर्मल ठाकुर एवं श्रीमती गुलापी बघेल सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री हंसराज देशमुख द्वारा किया गया। शाला प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी तथा पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।











