
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल बोले – विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से बढ़ रहा देश
बालोद। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को बालोद के पांची सिनेमा, दुर्ग रोड में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगीत के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, वैश्विक प्रतिष्ठा, सामाजिक कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आवास, सड़क, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं। साथ ही भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अपने संबोधन में उन्होंने कोविड काल में किए गए प्रयासों, मुफ्त वैक्सीनेशन अभियान, आधारभूत संरचना विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा जम्मू-कश्मीर में हुए बदलावों सहित विभिन्न विषयों पर विचार रखे। उन्होंने उपस्थित लोगों से समाज में सकारात्मक संवाद और जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि भारत आज विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और सामाजिक सहभागिता के साथ विकसित भारत के निर्माण में सभी वर्गों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रस्तावना उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि भाजपा द्वारा 5 जून से 23 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान सहित सामाजिक सरोकारों में सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पेंशनधारी संघ के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी, अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक, पत्रकार एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष लघु वनोपज संघ यज्ञदत्त शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, कार्यक्रम संयोजक प्रमोद जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक प्रमोद जैन ने किया। अंत में राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।









