शासकीय प्राथमिक शाला अरमुरकसा में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
डौंडी। आज दिनांक 16 जून 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला अरमुरकसा में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशित बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू संजय बैस, माननीय जनपद सदस्य जनपद पंचायत डौंडी थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत अरमुरकसा के सरपंच श्री हलधर गोरे ने की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं उपस्थित शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा सभी नवप्रवेशित बच्चों का गुलाल लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें लड्डू खिलाकर उत्साहवर्धन किया गया।
बच्चों को वितरित किए गए गणवेश, पुस्तकें और टिफिन बॉक्स
मुख्य अतिथि एवं मंचस्थ अतिथियों के करकमलों से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शाला गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकें प्रदान की गईं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू संजय बैस की प्रेरणादायी उपस्थिति रही।
उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को टिफिन बॉक्स भी प्रदान किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
न्योता भोज के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को आंशिक न्योता भोज के रूप में मिठाई एवं मिक्चर वितरित किया गया।
विशेष रूप से यह न्योता भोज विद्यालय के शिक्षक श्री विजय कुमार गौरे द्वारा अपने परिवार में प्रथम पुत्री रत्न प्राप्ति के अवसर पर आयोजित किया गया। यह सहयोग उनके भाई श्री लक्ष्मीकांत गौरे एवं भाभी श्रीमती लिकेश्वरी गौरे की ओर से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, प्रधान पाठक श्री छत्रपाल देशमुख, शिक्षक श्री विजय कुमार गौरे, श्रीमती कमलेश्वरी साहू सहित विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









