11 वर्षों से निरंतर रक्तदान सेवा, लगभग 8000 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का बनाया उदाहरण
बालोद। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर डोनेट ब्लड वेलफेयर फाउंडेशन (डीबी ग्रुप) को रक्तदान एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भिलाई नगर में रेड ड्रॉप एवं सेवक जन फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया।
संस्था द्वारा बताया गया कि पिछले 11 वर्षों से निरंतर रक्तदान सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है और इस अवधि में संस्था एवं उसके सहयोगियों के माध्यम से लगभग 8000 यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों तक जीवनदायिनी सहायता पहुंचाई गई है।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन सभी रक्तवीरों, रक्तवीरांगनाओं एवं सहयोगियों को समर्पित है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से रक्तदान और जनसेवा के कार्यों में अपना योगदान दिया है।
रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सतत प्रयास
संस्था के अनुसार डीबी ग्रुप समय-समय पर रक्तदान शिविरों का आयोजन करता है तथा लोगों को रक्तदान के महत्व और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करता है।
संस्था ने बताया कि आज भी समाज के कई लोग रक्तदान को लेकर जागरूक नहीं हैं, इसलिए शिविरों और जनसंपर्क के माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि रक्तदान सुरक्षित, उपयोगी और जीवन बचाने वाला कार्य है।
संस्था का उद्देश्य है कि भविष्य में किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव में जीवन संकट का सामना न करना पड़े। संस्था ने यह भी बताया कि अब मरीजों के परिजन भी जागरूक होकर रक्तदान के लिए आगे आने लगे हैं।
सम्मान को बताया नई ऊर्जा का स्रोत
संस्था के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से युवाओं को सामाजिक और जनहित के कार्यों में जुड़ने की प्रेरणा मिलती है तथा सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की नई ऊर्जा प्राप्त होती है।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य नियाज खान, सूरज गुप्ता, पवन सोनी, लक्ष्मण देवांगन, हेमंत गौतम, भरत देवांगन, सुमित जैन, दानेश आर्य, ऋषि ठाकुर, मजीद खान, संतोष रात्रे, अश्वन मानकर सहित पूरी टीम ने आभार व्यक्त किया।
संस्था ने सेवक जन फाउंडेशन के विकास जायसवाल एवं रेड ड्रॉप के सूरज साहू सहित सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।








