क्रांति सेना व जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने उठाया मामला, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बालोद। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत भेड़िया नवागांव में अवैध रूप से कीमती वृक्षों के गोलों के भंडारण का मामला सामने आया है। सोमवार 15 जून को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर मौके का निरीक्षण किया, जिसके बाद प्रशासनिक और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पदाधिकारियों के अनुसार ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में अवैध लकड़ी भंडारण और कारोबार की शिकायत संबंधित विभागों से कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया। इसके बाद मामले की जानकारी संगठन को दी गई।
मौके पर पहुंची टीम, जांच में मिला लकड़ी का भंडारण

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला पदाधिकारी खोमन साहू, जितेंद्र साहू, केदार साहू, दानी साहू, दुलार देशमुख एवं अन्य सदस्यों ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक कृषक की खाली भूमि पर बड़ी मात्रा में लकड़ी के गोलों का भंडारण पाए जाने का दावा किया गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक दस्तावेजी कार्रवाई की गई।
जब्ती कार्रवाई में कई प्रजातियों की लकड़ी शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भेड़िया नवागांव स्थित एमूराम की बाड़ी में कथित रूप से अवैध रूप से भंडारित लकड़ियों पर कार्रवाई करते हुए कहुआ के 183 नग, करंज के 100 नग तथा बबूल के 220 नग गोलों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पटवारी द्वारा की गई तथा जब्त लकड़ी को सरपंच के सुपुर्द किया गया।
विभागों के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की प्रतीक्षा
मामले में वन विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि संबंधित स्थल राजस्व क्षेत्र में होने के कारण आगे की जानकारी एवं कार्रवाई राजस्व विभाग के माध्यम से की जाएगी। वहीं स्थानीय स्तर पर अधिकार क्षेत्र और आगे की प्रक्रिया को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आने की बात भी कही जा रही है।
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने भी अवैध लकड़ी कारोबार पर प्रभावी निगरानी और नियमित कार्रवाई की मांग की है।








