रात में अंधेरे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही दिक्कत, प्रशासन से सुधार की मांग
डौंडी। नगर पंचायत डौंडी में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें इन दिनों आम नागरिकों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइटें चालू कम और बंद अधिक रहती हैं, जिससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों के अनुसार इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग और नगर पंचायत प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। परिणामस्वरूप मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर रात के समय अंधेरा पसरा रहता है।
राहगीरों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि डौंडी नगर में वाहनों की रफ्तार पहले से ही अधिक रहती है। ऐसे में स्ट्रीट लाइट बंद रहने से पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों के लिए खतरा बढ़ जाता है। अंधेरे के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
“सिर्फ शोपीस बनकर रह गई हैं स्ट्रीट लाइटें”
नगर के लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई स्ट्रीट लाइटें यदि अधिकांश समय बंद रहें तो उनका उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है। नागरिकों का कहना है कि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें केवल शोपीस बनकर रह गई हैं और आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
नगरवासियों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को रात के समय सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
रिपोर्ट: विक्की जायसवाल
