DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

खाद संकट के बीच बड़ी चोरी! चिपरा सोसायटी से 60 बोरी डीएपी गायब, पिकअप में भरकर ले गए चोर

करीब 87 हजार रुपये की खाद चोरी, गोदाम में मिला टॉर्च और रुमाल; पुलिस जांच में जुटी

बालोद। जिले के कुसुमकसा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिपरा स्थित उपकेंद्र (सोसायटी) के खाद गोदाम में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर गोदाम से लगभग 60 बोरी डीएपी खाद चोरी कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी हुई खाद की कीमत करीब 87 हजार रुपये बताई जा रही है।

सुबह ग्रामीण की नजर पड़ी तो हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक ग्रामीण घुरुवा के पास कचरा फेंकने गया था। इसी दौरान उसकी नजर गोदाम के चैनल गेट पर पड़ी, जो खुला हुआ था। पास जाकर देखने पर चोरी का मामला सामने आया। इसके बाद ग्रामीण ने कोटवार और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।

पिकअप वाहन से ले जाने की आशंका

उपकेंद्र के प्रबंधक भीखम लाल ने बताया कि गोदाम से करीब 60 बोरी डीएपी खाद गायब है। प्रति बोरी की कीमत 1450 रुपये के हिसाब से लगभग 87 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

घटनास्थल पर एक पिकअप ट्रॉली का एंगल, एक टॉर्च और रुमाल मिलने से आशंका जताई जा रही है कि चोर पिकअप वाहन में खाद भरकर ले गए। पुलिस का मानना है कि इस चोरी में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है।

गोदाम में नहीं था सीसीटीवी कैमरा

प्रबंधक ने बताया कि गोदाम में किसी प्रकार का सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था, जिसके कारण चोरों की पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

खाद का पर्याप्त भंडारण था

प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि किसानों के लिए खाद का अग्रिम भंडारण पहले से कर लिया गया था, इसलिए तत्काल खाद संकट जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि उन्होंने कहा कि समिति में इस प्रकार की चोरी की यह पहली घटना है, जिससे किसानों और समिति प्रबंधन में चिंता का माहौल है।

पुलिस जुटी सुराग तलाशने में

पुलिस घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। इधर घटना की जानकारी मिलने पर कुसुमकसा के पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस भी मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे हैं।

You cannot copy content of this page