DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गर्मी में नहाने गई 13 वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत, गांव में शोक की लहर

डुंडेरा के परना बाट तालाब में हुआ हादसा, इलाज से पहले ही तोड़ा दम

अर्जुदा/बालोद। अर्जुदा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत डुंडेरा में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डुंडेरा निवासी मोनिका ठाकुर (13 वर्ष), पिता घनश्याम ठाकुर एवं माता कामिनी ठाकुर, शाम लगभग 6 बजे गांव के परना बाट तालाब में नहाने गई थी। नहाने के दौरान वह पानी में आगे बढ़ते हुए गहरे हिस्से में चली गई, जिससे वह डूब गई।

ग्रामीणों ने की तलाश, अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

बताया गया कि कुछ समय तक बालिका दिखाई नहीं देने पर आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की और उसे पानी से बाहर निकाला। तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुदा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

कक्षा छठवीं की छात्रा थी मोनिका

पूर्व सरपंच छबिलाल कोर्राम ने बताया कि मोनिका कक्षा छठवीं में अध्ययनरत थी। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन भी हैं। माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

उन्होंने बताया कि गर्मी के कारण वह अक्सर शाम के समय तालाब में नहाने जाया करती थी। परिजनों के अनुसार उसे तैरना नहीं आता था। बालिका की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं थी, जिसके कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। परिवार और ग्रामीण उसके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए विशेष विद्यालय में प्रवेश की संभावनाओं पर भी विचार कर रहे थे।

हादसे से गांव में मातम

अचानक हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

You cannot copy content of this page