“चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो” : बालोद में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता की अनूठी पहल



रैली, नुक्कड़ नाटक और संगोष्ठी के माध्यम से दिया स्वच्छता एवं सम्मान का संदेश

बालोद। “पीरियड पर खुलकर” थीम के साथ 28 मई 2026 को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बालोद एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस का आयोजन डौंडी में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों, झिझक और सामाजिक वर्जनाओं को दूर कर लोगों में जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ तथा जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, जिला सचिव केएल गजेन्द्र तथा डीओसी नेमसिंह साहू एवं प्रेमलता चंद्राकर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जागरूकता रैली, संगोष्ठी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। “चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो” संदेश के साथ लोगों को पीरियड्स पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मासिक धर्म केवल महिलाओं का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की संवेदनशीलता और जागरूकता से जुड़ा विषय है। यदि पुरुष वर्ग भी जागरूक होगा तो महिलाओं के प्रति सम्मान और सहयोग का सकारात्मक वातावरण बनेगा।

गाइड कैप्टन तनुजा बंजारे ने मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और स्वच्छता संबंधी आवश्यक बातों की जानकारी दी। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “मासिक धर्म शर्म की नहीं, नारी सम्मान की बात है।”

कार्यक्रम के दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन दिवस के उद्देश्य पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि समाज में मासिक धर्म से जुड़ी रूढ़िवादी सोच, भेदभाव और भ्रांतियों को समाप्त कर महिलाओं एवं किशोरियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहवारी के प्रति जागरूक करना जरूरी है।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बालोद एवं यूनिसेफ के सहयोग से जिले में लगातार दीवार लेखन, पोस्टर निर्माण, सम्मान सूत्र बांधना, स्लोगन लेखन, जागरूकता रैली एवं संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जून माह में भी जिले के सभी ब्लॉकों में जागरूकता अभियान चलाने की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर तनुजा बंजारे, अन्नपूर्णा ध्रुव, ज्योति विश्वकर्मा, बलेश्वरी कलिहारी, संजय बंजारे, रमेश नायक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जिला संघ बालोद के पदाधिकारियों एवं स्काउटर-गाइडर ने हर्ष व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page