DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पलारी में गरजे भूपेश बघेल, बोले— “मोदी की गारंटी हुई फेल, महंगाई और किसान संकट से जनता बेहाल”

नगर पंचायत चुनाव प्रचार में जुटे कांग्रेस दिग्गज, संगीता सिंह ने घर-घर जाकर मांगा समर्थन

पलारी/बालोद। नगर पंचायत पलारी में चुनावी माहौल उस समय गरमा गया, जब छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अध्यक्ष पद प्रत्याशी यानेश साहू एवं कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। उनके आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ भव्य स्वागत किया तथा रैली निकालते हुए सभा स्थल तक पहुंचे।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि तथा किसानों को खाद की समस्या ने आम जनता को परेशान कर दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं को “मोदी की फेल गारंटी” बताते हुए कहा कि जनता अब जवाब मांग रही है।

इस दौरान संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष संगीता सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में घर-घर जाकर मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाना जरूरी है।

सभा में पूर्व विधायक कुरूद लेखराम साहू ने भी भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि खाद संकट और महंगाई से किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, पूर्व मंत्री शिव डहरिया, विधायक कुंवर सिंह निषाद, विधायक सावित्री मंडावी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे नगर में रैली एवं नारों से माहौल कांग्रेसमय नजर आया।

रिपोर्टर : हिरदे सिन्हा

You cannot copy content of this page