DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

‘हम वनवासी नहीं, आदिवासी हैं’: बालोद में अमित शाह का पुतला दहन, आदिवासी कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

जिला अध्यक्ष लता कोर्राम के नेतृत्व में भाजपा-आरएसएस पर आदिवासी समाज के अपमान का आरोप

बालोद।
प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष जनक लाल ध्रुव के निर्देशानुसार जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष लता कोर्राम के नेतृत्व में बालोद जिला मुख्यालय में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आदिवासी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “हम वनवासी नहीं, आदिवासी हैं” के नारे लगाते हुए भाजपा और आरएसएस पर आदिवासी समाज का अपमान करने का आरोप लगाया।

जिलाध्यक्ष लता कोर्राम ने कहा कि भारत के मूल निवासी आदिवासी हैं, लेकिन भाजपा और आरएसएस द्वारा लगातार “वनवासी” शब्द का प्रयोग कर आदिवासी समाज की पहचान और सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज विश्व का सबसे प्राचीन समाज है और आदिकाल से जल, जंगल और जमीन के साथ जीवन व्यतीत करता आया है।

उन्होंने कहा कि “वनवासी” शब्द उन लोगों के लिए प्रयोग किया जाता है जो कुछ समय के लिए जंगल में निवास करते हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम 14 वर्षों के वनवास पर गए थे, इसलिए उन्हें वनवासी कहा गया, जबकि आदिवासी समाज सदियों से जंगलों में निवासरत है और उनकी अपनी अलग संस्कृति, परंपरा एवं पहचान है।

जल-जंगल-जमीन की रक्षा का मुद्दा उठाया

लता कोर्राम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को खत्म करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और शहीद गेंद सिंह जैसे महान योद्धाओं का वंशज है, जिन्होंने अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष किया।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासी समाज का अपमान बंद किया जाए, अन्यथा पूरे देश में इसका विरोध और तेज किया जाएगा।

बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं आदिवासी समाज के लोग रहे मौजूद

इस विरोध प्रदर्शन में जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष लता कोर्राम, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, नरेंद्र सिन्हा, अमृता नेताम, भूपेश सहारे, मुरलीधर भुआर्य, राजकुमार प्रभाकर, राकेश उइके, ललित कंवरे, कमलेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र रामटेके, अंचल साहू, धीरज उपाध्याय, वैभव साहू, सुमित शर्मा, साजन पटेल, संतोष चौधरी, चंद्रकांत राणा, पाल सिंह भुआर्य, रोहित सागर, शैलेन्द्र ठाकुर, देवेंद्र साहू, सुनील मंडावी, लोकेश साहू, तामेश कुमार सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page