DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद के फाइटर्स का दमदार पंच: ब्रदर्स कॉम्बैट क्लब ने स्टेट से इंटरनेशनल तक लहराया परचम

कोच आकाश यादव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड-सिल्वर मेडल, श्रीलंका के फाइटर को भी दी मात

बालोद।
जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला बालोद के ब्रदर्स कॉम्बैट क्लब के खिलाड़ियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। रायपुर में आयोजित हेड्स एमएमए चैंपियनशिप में क्लब के खिलाड़ियों ने गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। वहीं बालोद के खिलाड़ी ने इंटरनेशनल मुकाबले में श्रीलंका के फाइटर को हराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

अखाड़ा व्यायाम शाला के सचिव विजय पारख ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब के खिलाड़ी लगातार स्टेट से लेकर नेशनल और अब इंटरनेशनल स्तर तक शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एमएमए (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) में बॉक्सिंग, कुश्ती, जूजितसु और कराटे जैसी विधाओं का मिश्रण होता है, जिसमें खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान

प्रतियोगिता में

  • भव्य देशलहरे (11 वर्ष) ने 30 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल,
  • निहाल साहू (16 वर्ष) ने 50 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल,
  • चंदन निषाद ने सीनियर 65 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया।

वहीं भविष्य ढीमर ने सीनियर सुपर हैवीवेट वर्ग में श्रीलंका के फाइटर को हराकर इंटरनेशनल मुकाबले में जीत दर्ज की।

कोच आकाश यादव के प्रशिक्षण का दिखा असर

विजय पारख ने बताया कि बहुत कम समय में खिलाड़ियों ने कठिन मेहनत और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की है। क्लब के एमएमए कोच आकाश यादव के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण से खिलाड़ियों की प्रतिभा लगातार निखर रही है।

उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धि बालोद जिले के उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो खेल के माध्यम से सेना और अन्य क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं।

खिलाड़ियों को मिली बधाइयां

खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला प्रशासन, खेल विभाग, जनप्रतिनिधियों, मीडिया एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस दौरान जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला के पदाधिकारी नेमीचंद नाग, आनंद ढीमर, रामेश्वर ढीमर, विजय पारख, तनवीर आलम, जागेश्वर साहू, रवि पटेल, द्वारिका सिन्हा एवं मुकेश यादव सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

You cannot copy content of this page