सड़क, जलापूर्ति, पार्क से लेकर स्मार्ट सुविधाओं तक विकास की नई सौगात, भाजपा नेताओं ने जताया मुख्यमंत्री और मंत्री का आभार
बालोद, 27 मई 2026।
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शुरू की जा रही महत्वाकांक्षी ‘आदर्श शहर समृद्धि योजना’ के प्रथम चरण में बालोद जिले के गुरुर नगर पंचायत का चयन किया गया है। योजना में शामिल होने के बाद अब गुरुर नगर पंचायत में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिक शहरी विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर भाजपा जिला बालोद के जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
छोटे शहरों को मिलेगा आधुनिक विकास का मॉडल
प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही यह योजना छोटे और मध्यम नगरों के सुनियोजित एवं संतुलित विकास की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है। योजना के तहत सड़क, जलापूर्ति, ड्रेनेज, परिवहन, पार्क, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक सेवाएं, ई-गवर्नेंस, स्मार्ट ट्रैफिक, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र एवं रोजगार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएंगे।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार होंगे कार्य
योजना के अंतर्गत नगरीय निकायों के अध्यक्ष, पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर शहर की आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नगर के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा नेताओं ने जताई खुशी
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया ने बताया कि गुरुर नगर पंचायत को योजना में शामिल किया जाना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे नगरवासियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा और गुरुर तेजी से विकसित नगर के रूप में उभरेगा।
