DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त” — कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बालोद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने कलेक्टर ने की मैराथन समीक्षा बैठक, रिक्त पद भरने और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने पर जोर

बालोद, 27 मई 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा है कि आम नागरिकों को सुगम, सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, रिक्त पदों, संसाधनों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की।

रिक्त पदों की पूर्ति जल्द करने के निर्देश

बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों और अन्य आवश्यक पदों की भर्ती जल्द पूरी करने पर जोर दिया।

संस्थागत प्रसव से लेकर टीबी मुक्त अभियान तक समीक्षा

कलेक्टर ने बैठक में संस्थागत प्रसव, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, कुष्ठ मुक्त अभियान तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के संचालन सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर फोकस

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएल उइके, जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके श्रीमाली, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page