गुंडरदेही में कांग्रेसजनों ने पं. जवाहरलाल नेहरू को दी श्रद्धांजलि



62वीं पुण्यतिथि पर याद किए राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान

गुण्डरदेही, 27 मई 2026। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही द्वारा विधायक कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कचरु साहू के नेतृत्व में किया गया, जहां कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

“नेहरू जी ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी”

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लगभग 17 वर्षों तक देश का सफल नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में देश को मजबूत औद्योगिक ढांचा मिला, वैज्ञानिक विकास को नई दिशा मिली तथा हरित क्रांति की आधारशिला रखी गई।

कांग्रेसजनों ने कहा कि नेहरू जी की गुटनिरपेक्ष नीति, विश्व बंधुत्व एवं शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के सिद्धांतों ने भारत को विश्व पटल पर विशेष पहचान दिलाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है कि आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूती से अपनी पहचान बना चुका है।

कांग्रेसजनों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के महामंत्री भोजराज साहू, सलीम खान (पार्षद), पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष के.के. राजू चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष सलीम खान, रूपचंद जैन, जनपद सदस्य आसिफ गहलोत, विधायक प्रतिनिधि तरुण पारकर, ब्लॉक उपाध्यक्ष लिखन निषाद, महामंत्री अभिषेक यादव, पवन सिन्हा, कुलेश्वर तिवारी, रिजवान तिगाला, मनीष सेन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष लालू सोनकर, श्रीमती ममता चंद्राकर, निजानंद चंद्राकर, परस ठाकुर, दौलत कोसरे, रोशन पटेल, किशन पांडे, नरेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

रूपचंद जैन की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page