DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

खाद-बीज संकट पर भारतीय किसान संघ का अल्टीमेटम, तहसीलदार को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

“किसानों को समय पर खाद नहीं मिली तो होगा बड़ा आंदोलन” — किसान संघ ने सरकार को चेताया

गुण्डरदेही, 27 मई 2026। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के आह्वान पर भारतीय किसान संघ जिला बालोद के गुण्डरदेही ब्लॉक पदाधिकारियों ने किसानों की खाद एवं बीज समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार कोमल ध्रुव को ज्ञापन सौंपा। किसान संघ ने मांग की कि प्रदेश में किसानों को खाद और बीज की संपूर्ण एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी फसल सीजन प्रभावित न हो।

किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि देश वर्तमान में कई चुनौतियों से गुजर रहा है और ऐसी स्थिति में किसान भी पूरी जिम्मेदारी के साथ देश के साथ खड़ा है। अन्नदाता होने के नाते किसानों पर पूरे देश का पेट भरने की जिम्मेदारी है, लेकिन फसल उत्पादन के लिए आवश्यक खाद और कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता बेहद जरूरी है।

“खाद की कमी का सीधा असर उत्पादन और किसानों की आय पर पड़ेगा”

भारतीय किसान संघ ने कहा कि यदि किसानों को समय पर खाद नहीं मिलेगी तो फसल उत्पादन प्रभावित होगा और इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। संगठन ने आरोप लगाया कि खाद की कालाबाजारी लंबे समय से जारी है और सरकार इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने में विफल रही है।

किसान संघ ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच यदि किसानों से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है, तो सरकार की जिम्मेदारी है कि खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करे।

किसान संघ की प्रमुख मांगें

ज्ञापन में किसान संघ ने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से —

  • समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए
  • किसानों को प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी एवं दो बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जाए
  • निजी खाद विक्रेताओं द्वारा अधिक मूल्य वसूली पर कड़ी कार्रवाई हो
  • एग्रीस्टैक में पंजीकृत किसानों को समितियों में नगद खाद वितरण की सुविधा मिले
  • नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया की मात्रा बढ़ाई जाए
  • किसानों को डीजल कंटेनर एवं जेरीकैन में उपलब्ध कराया जाए
  • समितियों में गुणवत्तापूर्ण बीजों का भंडारण सुनिश्चित किया जाए
  • हरी खाद हेतु ढेंचा, सन एवं मूंग के बीज सस्ती दरों पर उपलब्ध कराए जाएं

“किसान हित प्रभावित हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन”

भारतीय किसान संघ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी हुई और खाद-बीज संकट का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन भविष्य में बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

ये रहे उपस्थित

इस दौरान भारतीय किसान संघ बालोद के अध्यक्ष सांवत राम साहू, मनहरण लाल, रोशन लाल, कुंभकरण, ताम्रध्वज, ढाल सिंह, पुरुषोत्तम साहू, खेमूलाल, डोरीलाल साहू, चंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

रूपचंद जैन की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page