DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, देर से पहुंचने वालों को नहीं मिलेगा प्रवेश

4 जून को जिले के 10 केंद्रों में होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी

बालोद, 27 मई 2026। डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा 2026 को लेकर बालोद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले के सभी 10 परीक्षा केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी अजय किशोर लकरा ने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा 4 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

सुबह 9:30 बजे बंद हो जाएगा केंद्र का गेट

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले यानी सुबह 9:30 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर लेने की सलाह भी दी है।

हल्के रंग के कपड़े पहनकर आएं परीक्षार्थी

परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे रंग के कपड़े पहनना पूरी तरह वर्जित रहेगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।

मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आभूषण प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, बेल्ट, टोपी, पर्स, पाउच, स्कार्फ एवं किसी भी प्रकार के संचार उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कान में किसी प्रकार का आभूषण पहनने की अनुमति भी नहीं होगी। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है।

मूल पहचान पत्र और प्रवेश पत्र अनिवार्य

प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड जैसे फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र प्रस्तुत करना जरूरी रहेगा। पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई

प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने या दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर अभ्यर्थियों की परीक्षा निरस्त कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बॉलपॉइंट पेन का उपयोग ही मान्य होगा।

You cannot copy content of this page