DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद के खिलाड़ियों ने पावर लिफ्टिंग में लहराया परचम: भूमि ने जीते 4 गोल्ड, यश ने भी दिलाया स्वर्ण, दोनों राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु चयनित

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, अब पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे दम

बालोद। खेल प्रतिभाओं से लगातार नई पहचान बना रहे बालोद जिले ने एक बार फिर पावर लिफ्टिंग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजिम में 8 एवं 9 मई 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों कु. भूमि नेभवानी एवं यश राजपूत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर जिले का नाम गौरवान्वित किया।

यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन (एम) एवं यूनिट ऑफ पावर लिफ्टिंग स्पोर्ट्स ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।


भूमि नेभवानी ने जीते 4 स्वर्ण पदक

17 वर्षीय कु. भूमि नेभवानी ने सब जूनियर महिला वर्ग की 58 किलोग्राम श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए—

  • फुल पावर लिफ्टिंग
  • ओपन बेंच प्रेस
  • ओपन डेडलिफ्ट
  • ओपन स्क्वाट

स्पर्धाओं में कुल 4 स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में उनका प्रदर्शन इस प्रकार रहा—

  • स्क्वाट – 60 किलोग्राम
  • बेंच प्रेस – 35 किलोग्राम
  • डेडलिफ्ट – 70 किलोग्राम

कुल 165 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

भूमि इससे पहले भी कई राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर बालोद और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर चुकी हैं।


यश राजपूत ने भी जीता स्वर्ण

19 वर्षीय यश राजपूत ने जूनियर पुरुष वर्ग की 66 किलोग्राम ओपन बेंच प्रेस स्पर्धा में 60 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक और प्रथम स्थान हासिल किया।

यश पूर्व में भी कई राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बालोद जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।


अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

दोनों खिलाड़ी इससे पूर्व आगरा (उत्तरप्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी भाग लेकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

खिलाड़ियों के लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए आगामी अगस्त माह में पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु दोनों खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

दोनों खिलाड़ियों ने भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया है।


प्रशिक्षक मुनींद्र साहू की मेहनत लाई रंग

दोनों खिलाड़ियों को प्रशिक्षक मुनींद्र कुमार साहू (सनी) द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि बालोद के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।


सम्मानित हुए खिलाड़ी

प्रतियोगिता के दौरान गोबरा नवापारा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ओम कुमारी साहू द्वारा खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं भाजपा नेता संजय साहू ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को जिले के लिए गौरव बताते हुए कहा कि बालोद के युवा खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को भाजपा बालोद जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन से मुलाकात कर आगे भी खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।


राजनीतिक और सामाजिक विरासत से जुड़ा परिवार

उल्लेखनीय है कि दोनों खिलाड़ियों के दादा स्वर्गीय होला मल सिंह राजपूत (नेभवानी) बालोद में भारतीय जनता पार्टी की नींव रखने वाले वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे।


जिलेभर में खुशी का माहौल

भूमि और यश की इस उपलब्धि पर जिलेभर के खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों में खुशी का माहौल है। सभी ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

You cannot copy content of this page