DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्कूल सफाई कर्मचारियों ने बीईओ को सौंपा ज्ञापन, पुनः नियुक्ति व मानदेय भुगतान की मांग

बालोद/ करहीभदर से दीपक मसीह की रिपोर्ट। छत्तीसगढ़ अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी कल्याण संघ द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर के नाम ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलमाण्ड में पदस्थ सफाई कर्मचारी गंभीर साहू पिछले लगभग 15 वर्षों से अल्प मानदेय पर कार्यरत हैं। उन्होंने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि अंशकालीन सफाई कर्मचारियों से केवल दो घंटे कार्य लिया जाना चाहिए, लेकिन जिले में पूर्व में जारी आदेश के अनुसार उनसे अतिरिक्त समय (सुबह एवं शाम) कार्य कराया जा रहा है।


अतिरिक्त कार्य का भुगतान न मिलने का आरोप

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अतिरिक्त कार्य कराए जाने के बावजूद अब तक उसका मानदेय भुगतान नहीं किया गया है, जिससे आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य जिलों जैसे दुर्ग, धमतरी और बिलासपुर में केवल दो घंटे का कार्य ही निर्धारित है, जबकि बालोद जिले में अधिक कार्य लिया जा रहा है।


पुनः नियुक्ति की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि बेलमाण्ड में कार्यरत गंभीर साहू को पुनः नियुक्ति प्रदान की जाए तथा सफाई कर्मचारियों से केवल शासन द्वारा निर्धारित दो घंटे का ही कार्य लिया जाए


प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील

संघ ने कलेक्टर से इस मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों को न्याय मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।


You cannot copy content of this page