पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू की पहल, कई गांवों में विकास कार्यों को मिली गति



बालोद। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु जल जतन स्थायी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जल जीवन मिशन, नवीन पेयजल योजनाओं एवं लघु जलाशयों के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस बैठक में जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू ने क्षेत्र की विभिन्न पेयजल समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया।


अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

पूजा वैभव साहू ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की। उन्होंने दरबारी नवागांव की गुणवत्ताहीन पानी टंकी को हटाने/पुनर्निर्माण, तथा पड़कीभाठ, मनौद, खुर्शीपार, उमरादाह सहित कई गांवों में लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।


कई गांवों में बोरखनन एवं जल आपूर्ति योजना को मिली मंजूरी

बैठक में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए पेयजल संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे। इसके तहत—

  • ग्राम सांकरा, परसदा, देवारभाठ, पर्रेगुड़ा (बघमरा) में सफल बोरखनन पूर्ण किया गया
  • ग्राम बेलमांड, जुंगेरा, सिवनी में नए बोरखनन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया

दो बड़ी समूह जल प्रदाय योजनाओं का होगा विस्तार

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि क्षेत्र में दो बड़ी समूह जल प्रदाय योजनाओं का शीघ्र विस्तार किया जाएगा—

जुंगेरा समूह जल प्रदाय योजना

इस योजना से जुंगेरा, तरौद, रे. नवागांव, कोहगाटोला, खुर्शीपार, मनोद, खेरथाडीह, अमलीडीह, रानीतराई, घुमका, धौराभाठा, सांकरा एवं जगन्नाथपुर गांव लाभान्वित होंगे।

हीरापुर समूह जल प्रदाय योजना

इस योजना से हीरापुर, झलमला, सिवनी, औराभाठा, देऊरतराई, देवाभाठा, तालगांव एवं उमरादाह जैसे गांवों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।


अधिकारियों का जताया आभार

पूजा वैभव साहू ने इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।


बैठक में रहे उपस्थित

इस बैठक में जल जतन समिति सभापति लक्ष्मी अशोक साहू, जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू, तेजराम साहू, चुन्नी मानकर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सागर वर्मा एवं जल संसाधन विभाग के पीयूष देवांगन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page