मानस अग्रवाल ने बढ़ाया दल्ली राजहरा और बालोद जिले का मान



CBSE 12वीं में 93.20% अंक हासिल कर नगर में प्रथम, जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया

बालोद। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहने वाली लौह नगरी दल्ली राजहरा ने एक बार फिर जिले को गौरवान्वित किया है। CBSE 12वीं परीक्षा परिणाम में डीएवी स्कूल दल्ली राजहरा के छात्र मानस अग्रवाल ने 93.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राजहरा नगर में प्रथम एवं बालोद जिले में द्वितीय स्थान हासिल किया है। मानस की इस उपलब्धि से पूरे अग्रवाल परिवार, स्कूल प्रबंधन और नगरवासियों में हर्ष का माहौल है।

मानस अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़ी बहन, परिवार और स्कूल के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बहन मौली अग्रवाल ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने पहले प्रयास में सफलता हासिल कर शासकीय मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में प्रवेश प्राप्त किया, जिससे उन्हें काफी प्रेरणा मिली।

मानस ने कहा कि परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से ही वह यह उपलब्धि हासिल कर सके हैं। आगे की पढ़ाई को लेकर मानस ने बताया कि वह BBA, FRM और CFA की तैयारी करना चाहते हैं और इसके लिए अच्छे कॉलेज में प्रवेश लेने की योजना बना रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन ने दी बधाई

डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल जीवी राजशेखर राव ने मानस को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और कहा कि मानस एक प्रतिभाशाली छात्र हैं, जो पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी हमेशा सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे परिणाम पूरे स्कूल परिवार को गर्व महसूस कराते हैं।

वहीं क्लास टीचर सरिता द्विवेदी ने मानस को अनुशासित और मेहनती विद्यार्थी बताते हुए कहा कि उन्हें पहले से ही विश्वास था कि मानस शानदार प्रदर्शन करेगा और स्कूल का नाम रोशन करेगा।

परिवार और नगर में खुशी का माहौल

बता दें कि मानस अग्रवाल, दल्ली राजहरा के प्रतिष्ठित व्यवसायी संदीप (सोनू) अग्रवाल के सुपुत्र हैं। उनकी माता अनुराधा अग्रवाल इंग्लिश में एमए डिग्रीधारी गृहिणी हैं। जैसे ही मानस की इस सफलता की जानकारी नगरवासियों को मिली, उन्हें बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

You cannot copy content of this page